Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बारात से लौट रही बस पर मौत बनकर टूटा ट्रक, 6 की मौके पर मौत, 7 घायल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल दीं। डासना से गुलावठी गई एक बारात खुशी-खुशी शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही थी, लेकिन धौलाना क्षेत्र में पहुंचते ही बस की आमने-सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और ट्रक बस के ऊपर ही पलट गया।


हादसे के समय बस में सवार लोग गहरी नींद में थे। अचानक हुए इस भयानक टकराव से चीख-पुकार मच गई। ट्रक के नीचे बस दब जाने से करीब 13 लोग उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए।


सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जनपद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बारात डासना से गुलावठी गई थी और देर रात वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद बस खाई में गिर गई और ट्रक उसके ऊपर पलट गया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। घायलों का उपचार जारी है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है और मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।