हापुड़।
शहर के मोहल्ला राजीव विहार, सैनी नगर, रफीक नगर एवं मजीद पूरा के दर्जनों महिला-पुरुषों ने बुधवार को एकजुट होकर नवनियुक्त जिलाधिकारी कविता मीणा को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं और संभावित खतरे को लेकर गहरी चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा करीब 60 वर्ष पुरानी हाईटेंशन लाइन का रहा, जो घनी आबादी के ऊपर से गुजर रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह जर्जर लाइन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि आए दिन चिंगारी गिरने और तारों के झूलने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में लगातार भय बना हुआ है। लोगों ने मांग की कि इस हाईटेंशन लाइन को तत्काल प्रभाव से आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए।
इसके अलावा, क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त जानकारी और सहमति के जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हो गए हैं। कई लोगों का कहना है कि पहले की तुलना में बिल दोगुने तक आ रहे हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद 1912 हेल्पलाइन पर कोई ठोस समाधान नहीं मिलता। संबंधित विभागीय अधिकारी भी अक्सर अपने कार्यालयों में उपलब्ध नहीं रहते, जिससे समस्याएं लंबित पड़ी रहती हैं। इसके साथ ही बिना पूर्व सूचना के बार-बार हो रही बिजली कटौती ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पोस्टपेड व्यवस्था को समाप्त कर जबरन प्रीपेड मीटर लागू किए जा रहे हैं, जो उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत है। क्षेत्रवासियों ने मांग की कि इस प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जब तक सभी पहलुओं की स्पष्टता न हो, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। जिलाधिकारी कविता मीणा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र में व्याप्त डर और असुविधा का माहौल समाप्त हो सके।

.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin