Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दीये की लौ से क्लासिक रेजीडेंसी में आग, तीन फ्लैट प्रभावित; लाखों का नुकसान


HALCHAL INDIA NEWS

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक रेजीडेंसी सोसायटी में शुक्रवार दोपहर आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी आग तेजी से फैलते हुए ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई, जिससे तीन फ्लैट प्रभावित हो गए और भारी नुकसान हुआ।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के फ्लैट खाली कराए गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से किचन, ड्राइंग रूम और कमरों में रखा घरेलू सामान, नकदी और आभूषण जलकर नष्ट हो गए।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि पूजा घर में जल रहे दीये से आग भड़की, जो वुडवर्क अधिक होने के कारण तेजी से फैल गई और ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम भेजी गई और समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

फ्लैट मालिक मुकुल निगम के अनुसार, वह अपनी गर्भवती पत्नी और सात वर्षीय बेटी के साथ अस्पताल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें आग लगने की जानकारी मिली। आग में सवा लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, जरूरी कागजात, फ्रिज, एलसीडी, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जल गया।

दमकल विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और घर में जलते दीये या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं को बिना निगरानी के न छोड़ने की सलाह दी है।