Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

घंटाघर के पास पेंट-थिनर गोदाम में आग, आवासीय इलाके में मचा हड़कंप


HALCHAL INDIA NEWS

गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के नुसरतपुरा इलाके में शुक्रवार शाम पेंट और थिनर के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और तेज लपटों के साथ धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार घंटाघर के पास जुगल बेकरी के सामने स्थित गोदाम में शाम करीब चार बजे आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सड़क संकरी होने और अतिक्रमण के कारण दमकल वाहन सीधे गोदाम तक नहीं पहुंच सके, जिसके चलते दूर से पाइप बिछाकर पानी डालना पड़ा।

दमकल अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। गोदाम में रखे पेंट और थिनर के कारण विस्फोट का खतरा बना रहा, हालांकि समय रहते आग बुझा ली गई और बड़ा हादसा टल गया।

गोदाम मालिक अंकित गर्ग ने बताया कि आग में लाखों रुपये का पेंट और थिनर जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में ज्वलनशील सामग्री के गोदाम और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।