Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सिलिंडर बुकिंग के बाद मिल रहा डिलीवरी मैसेज, गैस न मिलने पर उपभोक्ताओं का विरोध


HALCHAL INDIA NEWS

गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित भारत गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता इन दिनों गैस सिलिंडर न मिलने से परेशान हैं। बुकिंग कराने के बाद मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश तो आ रहा है, लेकिन सिलिंडर घर तक नहीं पहुंच रहा। इससे नाराज लोगों ने शुक्रवार को एजेंसी के बाहर प्रदर्शन किया और व्यवस्था सुधारने की मांग की।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि कई दिनों से सिलिंडर की बुकिंग करने के बावजूद गैस नहीं मिल रही। एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।

इंद्रगढ़ी निवासी आदेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने 23 मार्च को सिलिंडर बुक कराया था और अगले दिन डिलीवरी का संदेश मिला, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला। ऑनलाइन जानकारी में भुगतान दिखाया जा रहा है और अगली डिलीवरी की तारीख भी आगे की बताई जा रही है।

अन्य उपभोक्ता प्रदीप ने बताया कि उन्होंने करीब छह दिन पहले गैस बुक कराई थी। मैसेज आने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिला और रोजाना एजेंसी पर जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

कपिल नामक उपभोक्ता ने बताया कि 25 मार्च को बुकिंग कराने के बाद भी गैस उपलब्ध नहीं कराई गई। घर में गैस खत्म हो चुकी है और कर्मचारियों द्वारा रोज अगले दिन आने की बात कही जा रही है।

शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे और लंबी लाइन लग गई। लोगों का कहना है कि समय पर गैस आपूर्ति नहीं होने से घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द समाधान कराने की मांग की है।