हापुड़।
शहर में कूड़े के बढ़ते ढेर अब आम लोगों के साथ-साथ जरूरी सेवाओं को भी प्रभावित करने लगे हैं। रामपुर रोड स्थित बिजलीघर के चारों ओर जमा कचरे ने वहां काम कर रहे कर्मचारियों के लिए गंभीर समस्या खड़ी कर दी है।
रोजाना निकलने वाले कचरे का सही निस्तारण न होने से यह ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि बिजलीघर तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। इस स्टेशन से शहर के हजारों घरों में बिजली सप्लाई होती है, लेकिन आसपास की गंदगी ने यहां काम करना चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि कूड़े से उठने वाली तेज दुर्गंध और प्रदूषण के कारण उन्हें खांसी, सिरदर्द और सांस से जुड़ी परेशानियां हो रही हैं। कई कर्मचारी अपने तबादले की मांग कर रहे हैं। उनका यह भी दावा है कि पहले यहां तैनात कुछ कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने के बाद गंभीर परिणाम सामने आए हैं।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने भी स्थिति को चिंताजनक बताया है। उनका कहना है कि गर्मियों में कूड़े के ढेर में आग लगने का खतरा बना रहता है, जिससे बिजलीघर को नुकसान पहुंच सकता है और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, बिजलीघर के पास ही नगर पालिका का कूड़ा डंपिंग स्थल है, जहां वर्षों से कचरा डाला जा रहा है। कूड़ा प्रबंधन के लिए योजना बनने के बावजूद जमीन की कमी के चलते काम आगे नहीं बढ़ सका है।
इस समस्या का असर आसपास के इलाकों और गुजरने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। हवा चलने पर बदबू दूर तक फैल जाती है, जिससे स्थानीय लोग भी परेशान हैं।
नगर पालिका का कहना है कि कूड़ा प्रबंधन प्लांट के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही समाधान की दिशा में काम तेज किया जाएगा।
.jpg)





.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin