Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

विकसित भारत रोजगार योजना को हापुड़ में मिला जोरदार समर्थन, उद्योगों ने बढ़ाए रोजगार के कदम

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को लेकर जनपद के औद्योगिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। धौलाना स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र मसूरी-गुलावठी रोड पर मंगलवार को आयोजित जागरूकता बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचे उद्यमियों ने योजना में गहरी रुचि दिखाई और रोजगार सृजन बढ़ाने का भरोसा जताया।


बैठक में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के पीएफ इंस्पेक्टर सुदीप कुमार सिंह ने उद्यमियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरल भाषा में बताया कि सरकार नई नियुक्तियों पर उद्योगों को प्रतिमाह आर्थिक प्रोत्साहन दे रही है, जिससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और उद्योगों को विस्तार का अवसर मिलेगा। साथ ही पहली बार EPFO से जुड़ने वाले कर्मचारियों को भी सीधे लाभ का प्रावधान है।

योजना को लेकर उद्योगपतियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे “डबल फायदा” करार दिया। उनका कहना था कि इससे एक ओर उद्योगों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कई उद्यमियों ने मौके पर ही पंजीकरण प्रक्रिया में रुचि दिखाते हुए योजना से जुड़ने की इच्छा जताई।

एमजीआर इंडस्ट्रियलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक उद्यमियों को इससे जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति दे सकती है।


इस अवसर पर धीरज तोमर, सुदीप चौधरी, अतुल बाटला, संजीव गोयल, नितिन गोयल, शिव कुमार गुप्ता, महेश शर्मा, अनुज जैन सहित अन्य उद्योगपति मौजूद रहे। बैठक के दौरान रोजगार बढ़ाने और उद्योगों को सशक्त बनाने को लेकर सार्थक चर्चा भी की गई।