Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नकली टमाटर सॉस फैक्ट्री पर छापा, रंग और एसिड की आशंका से मचा हड़कंप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पन्नापुरी क्षेत्र में नकली टमाटर सॉस बनाने की सूचना पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से संदिग्ध सामग्री मिलने पर टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।


 प्रारंभिक जांच में ड्रमों में रंग और एसिड जैसे पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि इस फैक्ट्री को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां मिलावटी टमाटर सॉस तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। 


शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम का गठन किया गया और बुधवार को पन्नापुरी स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में ड्रमों में भरा संदिग्ध तरल पदार्थ मिला, जिसमें रंग और एसिड जैसी चीजें मिली होने की संभावना है। मौके पर तैयार सॉस, कच्चा माल और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। टीम ने सभी संदिग्ध पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। 

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सॉस में किस प्रकार की मिलावट की जा रही थी और यह मानव स्वास्थ्य के लिए कितना खतरनाक है। यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।