Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सिम्स हापुड़ में जागरूकता का महाकुंभ, विज्ञान आधारित सोच का दिया संदेश

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) में विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “साथ मिलकर स्वास्थ्य के लिए, विज्ञान के साथ खड़े रहें” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों और चिकित्सकों ने मिलकर समाज में वैज्ञानिक सोच और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. (ब्रिग.) विनीत रस्तोगी के मार्गदर्शन और नोडल अधिकारी डॉ. कोनिका गुप्ता के समन्वय में किया गया। पहले दिन ओपीडी परिसर में ‘मिथ बस्टर’ पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें मेडिकल छात्रों ने स्वास्थ्य से जुड़े भ्रमों को वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। 


इस पहल से मरीजों और आमजन को सही स्वास्थ्य जानकारी मिली। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. ऋचा शर्मा और डॉ. क्रांति वर्मा ने किया। इसमें पलक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रुचिका, सुरभि गुप्ता और सुरुचि कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। श्रुति मुखर्जी, उत्कर्ष सिंह, स्नेहा धूपर और लावण्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। दूसरे दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता और आधुनिक माध्यमों के जरिए जन-जागरूकता कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। छात्रों ने स्वास्थ्य और वैज्ञानिक सत्यता से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से अपने विचार रखे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. संजीव डिमरी, डॉ. योगेश गोयल और डॉ. निधि ने किया, जिसमें ऐश्वर्या कराड, संस्कार माने, रौनक और पलक विजेता रहे।

इसी क्रम में रील्स प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्रों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। मूल्यांकन डॉ. परिधि, डॉ. रश्मि गौतम और डॉ. संदीप बंसल ने किया। इसमें केशव शर्मा प्रथम, अभिषेक आनंद और अनिकेत द्वितीय तथा नितीश अरोड़ा और प्लाबन दास तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. बरखा गुप्ता ने की। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए वैज्ञानिक सोच और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अवसर पर निवेदिता शर्मा, कोठारी पलक महेश और पनपालिया पलक सचिन को राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। 


संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रबंधन ने भी इस पहल की सराहना की और ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए जरूरी बताया। दो दिवसीय इस आयोजन में फैकल्टी और स्नातकोत्तर छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूती मिली।