Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण गर्मी में बिजली संकट पर प्रशासन सख्त, रात में वार्ड-23 पहुंचे अधिशासी अभियंता मनीष यादव


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़/पिलखुवा। भीषण गर्मी के बीच वार्ड नंबर-23 में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर बिजली विभाग अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से रात के समय हो रही बिजली बाधित होने की समस्या के बाद अधिशासी अभियंता (एक्शन) मनीष यादव रविवार देर रात खुद वार्ड में पहुंचे और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न इलाकों में जाकर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और ओवरलोडिंग की स्थिति की जांच की। इस दौरान वार्ड-23 के सभासद वरुण शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सभासद लगातार बिजली विभाग के संपर्क में रहकर समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। लोगों के मुताबिक उनकी लगातार कोशिशों के बाद ही वरिष्ठ अधिकारी देर रात क्षेत्र में पहुंचे और जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कई दिनों से रात में घंटों बिजली गुल रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और पढ़ाई करने वाले छात्रों की परेशानी काफी बढ़ गई है।

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम को कुछ स्थानों पर बिजली चोरी के मामले भी मिले। अधिकारियों ने माना कि अवैध कनेक्शन और जरूरत से ज्यादा लोड के कारण लाइनें ओवरलोड हो रही हैं, जिससे बार-बार फॉल्ट की समस्या पैदा हो रही है। इस पर अधिशासी अभियंता मनीष यादव ने मौके पर ही बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, लेकिन विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के प्रयास में जुटा है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि बिजली का दुरुपयोग न करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग को दें।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वार्ड-23 समेत पूरे पिलखुवा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही लोगों को राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।