Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जनगणना का पहला चरण शुरू, घर-घर पहुंचकर पूछे जा रहे 33 सवाल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में शुक्रवार से जनगणना के पहले चरण की शुरुआत हो गई। पहले दिन प्रगणकों ने घर-घर जाकर मकानों की मैपिंग की और परिवारों से विभिन्न जानकारियां जुटाकर ऑनलाइन डाटा अपलोड किया।

जनगणना के प्रथम चरण में मकान गणना का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत प्रगणक प्रत्येक घर पर जाकर मकान संख्या अंकित कर रहे हैं और परिवार से 33 सामान्य सवाल पूछ रहे हैं। इनमें परिवार के मुखिया का नाम, शादीशुदा दंपतियों की संख्या, मुख्य भोजन, वाहन, पानी का स्रोत, मकान की स्थिति, फर्श और दीवारों में इस्तेमाल सामग्री जैसी जानकारियां शामिल हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रगणकों ने सुबह और शाम के समय सर्वे का कार्य किया। प्रगणक जितेंद्र कुमार, नवीन और मनीष ने बताया कि अधिकांश लोग सहयोग कर रहे हैं और सही जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार घर-घर जाकर जुटाए जा रहे डाटा को ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की आबादी 13,38,311 थी। करीब 15 साल बाद दोबारा हो रही जनगणना में जनसंख्या 22 लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि सभी प्रगणकों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है और उनकी ड्यूटी तय कर दी गई है। जिलेभर में जनगणना का कार्य शुरू हो चुका है।