हापुड़।
थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में देर रात पॉलीथिन और प्लास्टिक के गोदाम में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। आग इतनी भयंकर थी कि गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
गोदाम में रखी प्लास्टिक और पॉलीथिन सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग से उठता काला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम के पास करीब 50 झुग्गियां मौजूद थीं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई परिवार इसकी चपेट में आ सकते थे। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को झुग्गियों तक पहुंचने से रोके रखा। मौके पर मौजूद लोगों ने भी दमकल विभाग का सहयोग किया।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। उनकी निगरानी में दमकल टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया। घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि देर रात पॉलीथिन एवं प्लास्टिक गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तत्काल दमकल की गाड़ियों को रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी और आसपास झुग्गियां होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील थी। हमारी टीम ने प्राथमिकता के आधार पर आग को आसपास फैलने से रोकने का कार्य किया।
लगातार पानी की बौछार और रणनीतिक तरीके से ऑपरेशन चलाया गया। फायर कर्मियों ने पूरी सतर्कता और साहस के साथ कार्य किया, जिसके चलते समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। यदि आग झुग्गियों तक पहुंच जाती तो बड़ी जनहानि और नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
.jpg)






.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin