Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

स्वर्ग आश्रम रोड पर जलभराव से लोग परेशान, वीडियो वायरल कर जताया विरोध


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

संवादाता नरेंद्र सिंह - स्वर्ग आश्रम रोड पर रेलवे फाटक के पास जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

स्थानीय निवासी कुलदीप चौधरी, अंकित शर्मा, रवि शर्मा और नीरज सिंह ने बताया कि रेलवे फाटक पार करने के बाद वाले क्षेत्र में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में करीब एक हजार परिवार निवास करते हैं, लेकिन वर्षों बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण फ्लाईओवर के आगे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। फ्लाईओवर की दोनों सर्विस रोड पर भी पानी भरा रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। रात के समय यह मार्ग लोगों के लिए और अधिक खतरनाक बन जाता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। वहीं एलएन रोड और गढ़ रोड पर भी महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वर्ग आश्रम रोड पर जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए पालिका और लोक निर्माण विभाग द्वारा अलग-अलग नालों का निर्माण कराया जाना है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र का कुछ हिस्सा नगर पालिका सीमा में नहीं आता।