Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, डीएम कार्यालय का घेराव कर जताया विरोध


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़।

भीषण गर्मी के बीच लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर निवासी बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे और डीएम कार्यालय का घेराव कर बिजली समस्या के समाधान की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिसके कारण दर्जनों गलियों में बिजली आपूर्ति ठप है और भीषण गर्मी में लोगों का जीना दूभर हो गया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि लगातार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी के चलते लोगों की हालत खराब हो रही है, लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।

लोगों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या बनी हुई है, जबकि कई गलियों में पिछले तीन दिनों से पूरी तरह बिजली गुल है। बिजली न आने से पेयजल संकट भी गहरा गया है और लोगों के घरों में लगे इनवर्टर तक जवाब दे चुके हैं।


मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हुए।

सपा नेता संजय गहलोत ने प्रशासन और विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अर्जुन नगर की जनता पिछले कई दिनों से बिजली संकट झेल रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। बच्चे रातभर जागने को मजबूर हैं, बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 


संजय गहलोत ने कहा, “अर्जुन नगर की कई गलियों में पिछले तीन दिनों से बिजली पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। करीब 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है, लेकिन विभाग के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। हमने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, फोन किए, कार्यालय जाकर अनुरोध किया, मगर हर बार केवल आश्वासन मिला। भीषण गर्मी में लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। 

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ रही है और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।