Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पत्नी पर दरिंदगी: मामूली विवाद में पति ने धारदार हथियार से गला रेता, हालत नाजुक


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद के थाना देहात क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी सुनील का मंगलवार सुबह अपनी पत्नी नीलम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया।


घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हाल जाना। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है, ऐसे में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की की जा रही है।