Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

इश्क में अंधविश्वास का खौफनाक खेल: प्रेमिका को वश में करने के लिए श्मशान से चिता का सिर निकाला, तांत्रिक समेत तीन गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्यार में अंधविश्वास और सनक किस हद तक इंसान को ले जा सकती है, इसका भयावह उदाहरण थाना देहात क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी एकतरफा मोहब्बत को पाने के लिए तांत्रिक के कहने पर श्मशान घाट से जलती चिता से मानव सिर निकाल लिया और वशीकरण की तांत्रिक क्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर तांत्रिक समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार थाना देहात क्षेत्र के एक श्मशान घाट से जलती चिता से सिर निकाले जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही अंतिम संस्कार कर रहे परिवार के लोग थाना देहात पहुंचे और थाना प्रभारी नीरज कुमार को पूरी घटना से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी और परिवार को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।


पुलिस ने श्मशान घाट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक मोपेड पर सवार तीन युवक संदिग्ध हालत में आते-जाते दिखाई दिए। फुटेज में युवकों के चेहरे और वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और वाहन के पंजीकरण के जरिए आरोपियों के ठिकाने तक पहुंच गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां तांत्रिक विद्या का पूरा इंतजाम चल रहा था। यज्ञ कुंड में आग जल रही थी और उसके पास एक तख्ती पर ‘मुस्कान’ नाम लिखा हुआ था। आसपास सिंदूर, चावल, हल्दी, कलावा समेत वशीकरण में प्रयुक्त होने वाली कई सामग्री रखी हुई थी। पुलिस ने मौके से तांत्रिक, अमान और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


पूछताछ में आरोपी अमान ने बताया कि उसके परिवार में लंबे समय से कलह चल रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी दौरान वह एक युवती से एकतरफा प्रेम करने लगा और उसे पाने की चाहत में तांत्रिक के संपर्क में आ गया। तांत्रिक ने उसे बताया कि यदि वह श्मशान से मानव सिर लाकर तांत्रिक क्रिया करेगा तो उसका परिवार भी जुड़ जाएगा और उसकी प्रेमिका भी उसके वश में आ जाएगी।

तांत्रिक की बातों में आकर अमान अपने साथी के साथ मोपेड से श्मशान घाट पहुंचा और जलती चिता से सिर निकालकर वापस आया। इसके बाद तांत्रिक विधि से वशीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई, तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया।


थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक चाकू, राख, मंत्र लिखे कागज, ‘मुस्कान’ नाम की तख्ती और तांत्रिक क्रिया में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक ओर मामले का जल्द खुलासा हो गया, वहीं क्षेत्र में फैले अंधविश्वास के इस खतरनाक पहलू पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।