Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गर्मी में बढ़ी पानी की खपत, कई इलाकों में हैंडपंप बने सहारा


HALCHAL INDIA NEWS

संवादाता नरेंद्र सिंह - पिलखुवा। भीषण गर्मी के बीच शहर में पानी की खपत तेजी से बढ़ गई है। नई कॉलोनियों के विस्तार से नगर पालिका की पेयजल व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोग आज भी हैंडपंपों पर निर्भर हैं।

खैरपुर खैराबाद रोड, खेड़ा, मोदीनगर रोड, बजरंगपुरी, पबला रोड और चंडी मंदिर के पीछे तेजी से नई कॉलोनियां बस रही हैं। लगातार बढ़ती आबादी के बीच मौजूदा पेयजल व्यवस्था अपर्याप्त साबित हो रही है।

नगर पालिका क्षेत्र के 25 वार्ड और 48 मोहल्लों में 25 हजार से अधिक भवन हैं, लेकिन नियमित पेयजल आपूर्ति केवल करीब 20 हजार भवनों तक ही पहुंच पा रही है। कई मोहल्लों में सुबह और शाम हैंडपंपों पर पानी भरने वालों की भीड़ लगी रहती है।

गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है। सर्दियों में जहां पानी की खपत करीब 60 एमएलडी रहती थी, वहीं अब यह बढ़कर 135 से 140 एमएलडी तक पहुंच गई है। बढ़ती मांग के कारण कई क्षेत्रों में पानी का दबाव भी कम हो रहा है।

शहर के कई हिस्सों में पाइपलाइन लीकेज और कम प्रेशर की समस्या के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। नई टंकियों और अतिरिक्त ट्यूबवेल की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

नगर पालिका द्वारा सर्वोदय नगर, न्यू आर्य नगर, बजरंगपुरी, मुंशी नगर, इस्लाम नगर, वैष्णव कॉलोनी और रजनी विहार तक नई पाइपलाइन पहुंचाई गई है, लेकिन अब भी शहर का बड़ा हिस्सा नई पाइपलाइन की प्रतीक्षा कर रहा है।

नगर पालिका परिषद पिलखुवा के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण पानी की खपत बढ़ी है। नई कॉलोनियों को भी जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, ताकि लोगों को नियमित और बेहतर पेयजल सुविधा मिल सके।