Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली व्यवस्था पर विधायक सख्त, दो दिन में सुधार के निर्देश


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ के अर्जुननगर क्षेत्र में चार दिनों के भीतर तीन बार 400 केवी ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बाधित बिजली आपूर्ति से नाराज क्षेत्रवासी सदर विधायक के आवास पहुंचे और समस्या से अवगत कराया।

लोगों की शिकायत सुनने के बाद सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तलब कर दो दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, इसलिए उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।

विधायक ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि रात के समय अधिकारी फोन बंद कर लेते हैं, जबकि जनता लगातार जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगती है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऊर्जाकरण और संसाधनों के विकास के लिए भारी बजट मिलने के बावजूद जिले में ऐसी स्थिति क्यों बनी हुई है।

अर्जुननगर, कोठीगेट और गढ़ रोड से पहुंचे लोगों ने बताया कि दिल्ली रोड के फीडर नंबर 4 और 6 की हालत बेहद खराब है। अतरपुरा बिजलीघर के फीडर नंबर 1 पर अत्यधिक लोड डालने से लगातार फॉल्ट बढ़ रहे हैं। लोगों ने भूमिगत लाइन शुरू न होने पर भी नाराजगी जताई।

मामले में अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि जिन 400 केवी ट्रांसफार्मरों पर कुछ दिन पहले 300 केवी तक लोड था, वह अब बढ़कर 800 केवी तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि 25 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं और 40 अन्य स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि गर्मियों में अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में बिजनेस प्लान के तहत चल रहे कार्यों को फिलहाल रोक दिया गया है और केवल जरूरी कार्य ही कराए जा रहे हैं। अर्जुननगर की समस्या के समाधान के लिए 400 केवी ट्रांसफार्मर का कुछ लोड दूसरे संयोजन पर स्थानांतरित किया गया है। साथ ही क्षेत्र के लिए 250 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर भी स्वीकृत हो गया है।

अधिकारियों ने दो दिन के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है।