Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जिला पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोपों से मचा हड़कंप, जेई पर भू-माफियाओं से सांठगांठ का आरोप

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिला पंचायत कार्यालय में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर मंगलवार को जिला पंचायत सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में जिला पंचायत के निर्माण कार्यों, नक्शा पास कराने की प्रक्रिया और अवैध कॉलोनियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे जिला पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया। 

ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्यपति सुरेश तोमर और जिला पंचायत सदस्य सुमित शिशोदिया ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत में तैनात जेई की भू-माफियाओं से सांठगांठ के चलते कार्यालय में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पदमुक्त किया जाए ताकि जांच प्रभावित न हो। 


ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि जिला पंचायत कार्यालय में दलाल सक्रिय हैं और बिना किसी अधिकारिक पद के लोग कार्यालय में बैठकर कामकाज में दखल दे रहे हैं। सदस्यों ने ऐसे लोगों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। जिला पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों में भेदभाव का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाने चाहिए। साथ ही अवैध कॉलोनियों के मालिकों से कथित सांठगांठ और अवैध उगाही पर रोक लगाने की मांग की गई।


ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में संचालित अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जिन भूखंडों के मानचित्र कथित रूप से अवैध तरीके से पास किए गए हैं, उन्हें निरस्त करने की मांग भी उठाई गई।


सदस्यों ने फैक्ट्री मालिकों से नक्शा पास कराने के नाम पर मनमाने तरीके से अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना दबाव और बिना भ्रष्टाचार के तय समय सीमा में नक्शे पास किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के बाद जिला पंचायत कार्यालय में पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।