Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फ्लाईओवर बंद होने से बढ़ी अभिभावकों की चिंता, डीएम से मरम्मत कार्य टालने की मांग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मेरठ रोड स्थित फ्लाईओवर की मरम्मत के चलते 14 मई से 23 मई तक यातायात बंद किए जाने के निर्णय के बाद क्षेत्रीय लोगों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। आवास विकास कालोनी संजय विहार के निवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मांग की है कि स्कूलों में चल रही परीक्षाओं और भीषण गर्मी को देखते हुए फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य फिलहाल स्थगित किया जाए तथा स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के बाद ही कार्य कराया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेरठ रोड पर बने फ्लाईओवर के अलावा चार पहिया वाहनों के आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है। ऐसे में फ्लाईओवर पूरी तरह बंद होने से हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को होगी, क्योंकि शहर के कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता यही फ्लाईओवर है।


शिकायती पत्र में बताया गया कि मेरठ रोड पर स्थित दीवान पब्लिक स्कूल, दीवान इंटर कॉलेज और कॉमर्शियल इंटर कॉलेज के अलावा मोदीनगर रोड पर स्थित ब्रह्मा देवी स्कूल, बथिस्ता स्कूल और सरस्वती बाल मंदिर स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर स्कूल आते-जाते हैं। 

वर्तमान समय में स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं और तेज गर्मी के बीच फ्लाईओवर बंद होने से बच्चों को लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ेगा। इससे छात्रों के समय पर स्कूल न पहुंच पाने और परीक्षा छूटने की आशंका भी जताई गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि 20 मई से अधिकांश स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने जा रहा है। ऐसे में यदि फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य छुट्टियों के दौरान कराया जाए तो आमजन और विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है।


स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और मरम्मत कार्य की समयावधि में बदलाव किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।