Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नाले किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सिंभावली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रजापुर गांव के पास नाले किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बुलंदशहर जनपद के करोंजी गांव निवासी 25 वर्षीय शिवकुमार के रूप में हुई है। 


बताया गया कि सुबह के समय कुछ ग्रामीणों ने नाले के पास युवक का शव देखा। पास जाकर देखने पर मामला संदिग्ध लगा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के आसपास जांच की तो कुछ दूरी पर एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिसे कब्जे में ले लिया गया। पहचान होने के बाद पुलिस ने स्वजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया। 


इस दौरान काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों का कहना था कि शिवकुमार की मौत सामान्य नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


घटना की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। 


फिलहाल पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सिंभावली पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं बरामद मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।