हापुड़।
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में युवक अतुल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने भाजपा के जिला मंत्री सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार गांव गालंद निवासी अतुल पुत्र योगेंद्र की सोमवार देर रात रिलायंस रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की मां मधु की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा जिला मंत्री नवीन तोमर, मनजीत, बृजमोहन और श्रीपाल समेत चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों का आरोप है कि एक प्लॉट को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। तहरीर में बताया गया कि सोमवार रात करीब 12 बजे अतुल अपने साथी अशोक के साथ कार से गांव लौट रहा था। इसी दौरान रिलायंस रोड पर आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि कार रुकते ही नामजद आरोपी हथियार लेकर नीचे उतरे और अतुल को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख अतुल का साथी अशोक किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला। इसी बीच बाइक सवार चार अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और अतुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परिजनों के मुताबिक गोली लगने के बाद अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। घायल अतुल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर गाजियाबाद रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नवीन तोमर को भाजपा संगठन में जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
.jpg)
.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin