Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में दिनदहाड़े खूनखराबा, रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर राशिद की चाकुओं से गोदकर दबंगों ने की निर्मम हत्या


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर के रामपुर रोड स्थित अलीनगर मोहल्ले में बृहस्पतिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब हिस्ट्रीशीटर राशिद की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात इतनी खौफनाक थी कि सड़क पर चारों तरफ खून ही खून नजर आया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बताया गया कि राशिद सुबह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकला था। उसे क्या पता था कि अपने बच्चे के साथ यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद जैसे ही राशिद वापस अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवक उसके पीछे लग गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही राशिद अपने घर के पास पहुंचा, तभी हमलावरों ने उसे घेर लिया और धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने राशिद पर इतने बेरहमी से वार किए कि पूरी सड़क खून से लाल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। 


घटना के बाद आसपास के लोग जब बाहर निकले तो सड़क पर गंभीर हालत में पड़े राशिद को देखकर उनके होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राशिद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचे परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे। महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे मोहल्ले में मातम जैसा माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार राशिद और हमलावर पक्ष के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। बताया जा रहा है कि हत्या से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद भी हुआ था। उसी विवाद के बाद आरोपियों ने हत्या की साजिश रची और बृहस्पतिवार सुबह वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।


पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।