Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

तेज रफ्तार ने बुझाया घर का चिराग: पिलखुवा में कैंटर की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत, चालक गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया। सिंखेड़ा चौकी क्षेत्र स्थित हावल मोड़ पर तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 


जानकारी के अनुसार ग्राम हवाल निवासी 21 वर्षीय जुनैद पुत्र मुस्तकीम गुरुवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से जा रहा था। जैसे ही वह सिंखेड़ा चौकी के पास हावल मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और जुनैद सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।


आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सिंखेड़ा चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।


युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद गमगीन माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि जुनैद व्यवहार कुशल और मेहनती युवक था, जिसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया और धौलाना की ओर भागने लगा। 


पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और धौलाना चौराहे पर कैंटर को पकड़ लिया। एसआई राजकुमार और उनकी टीम ने वाहन समेत चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए कैंटर का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 21 सीटी 1945 है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हुई है। कैंटर और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।