हापुड़।
जनपद में दबंगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से लगाया जा सकता है। देर रात कुछ दबंग युवकों ने पेट्रोल न मिलने से नाराज होकर पेट्रोल पंप पर जमकर उत्पात मचाया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से लैस दबंगों ने पेट्रोल पंप पर हमला कर मशीनों और अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात करीब 12 बजे चार युवक एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। पेट्रोल पंप संचालक नमन त्यागी ने बताया कि युवकों ने पेट्रोल की मांग की, लेकिन कर्मचारियों ने पेट्रोल उपलब्ध न होने की बात कही। इस बात से नाराज होकर युवकों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
बताया गया कि करीब एक घंटे बाद वही युवक अपने साथ अन्य साथियों को लेकर मयूरी रिक्शा में सवार होकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर थे। आते ही दबंगों ने पेट्रोल पंप पर हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। दबंगों का आक्रामक रवैया देखकर कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दबंग किस तरह पेट्रोल पंप की मशीनों और अन्य सामान को निशाना बनाकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद कर्मचारियों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पेट्रोल पंप संचालक नमन त्यागी ने थाना हापुड़ देहात में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। तोड़फोड़ की इस घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.jpg)
.jpeg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin