हापुड़।
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित बयान से नाराज ब्राह्मण समाज के लोगों का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। तहसील चौपला पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राजकुमार भाटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान लोगों ने राजकुमार भाटी के फोटो पर चप्पल मारकर अपना विरोध जताया, जिससे माहौल काफी गरमाया रहा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि ब्राह्मण समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सपा प्रवक्ता द्वारा दिए गए बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके चलते पूरे समाज में भारी आक्रोश है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान तहसील चौपला पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि राजकुमार भाटी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
इस दौरान ब्राह्मण समाज के नेता अरविंद शर्मा ने कहा कि “ब्राह्मण समाज हमेशा से देश और समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को समाज विशेष के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का अधिकार नहीं है।
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने जिस प्रकार की टिप्पणी की है, उससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। आज ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर हुआ है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि तत्काल प्रभाव से इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो यह आंदोलन जनपद स्तर से प्रदेश स्तर तक पहुंचाया जाएगा। समाज अपने सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन किसी समाज का अपमान करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।
प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई कर यह संदेश देना चाहिए कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” प्रदर्शन के चलते तहसील चौपला क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
.jpg)
.jpeg)



.jpeg)



.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin