Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नुक्कड़ नाटक से गूंजा तंबाकू छोड़ो का संदेश, SIMS ने छेड़ी जागरूकता की मुहिम


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

विश्व तंबाकू निषेध दिवस-2026 पर सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (SIMS) में तंबाकू एवं निकोटीन की लत के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य वार्ता, पोस्टर प्रदर्शनी और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, चिकित्सकों, मरीजों और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एमबीबीएस-2023 बैच के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से यह दर्शाया कि तंबाकू और निकोटीन की लत किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। नाटक में युवाओं को आकर्षक पैकेजिंग और भ्रामक प्रचार के जरिए तंबाकू उत्पादों की ओर खींचने की रणनीतियों को भी उजागर किया गया। प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी लगाकर तंबाकू जनित रोगों की जानकारी दी। प्रदर्शनी में मुख कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा परोक्ष धूम्रपान से होने वाले खतरों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से दर्शाया गया। साथ ही तंबाकू नियंत्रण और नशामुक्ति के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया।


स्वास्थ्य वार्ता में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तंबाकू और निकोटीन सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तंबाकू की लत से मुक्ति संभव है, बशर्ते व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ परामर्श, चिकित्सकीय सहायता और परिवार के सहयोग का सहारा ले। लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। 


कार्यक्रम का आयोजन डॉ. (ब्रिगेडियर) विनीत रस्तोगी एवं डॉ. ए. रेवंत कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. कोनिका गुप्ता, डॉ. विनय कुमार और डॉ. सिनीश टी.वी. ने कार्यक्रम का समन्वयन किया। संस्थान की प्राचार्या डॉ. बरखा गुप्ता, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मेजर जनरल सी.एस. अहलूवालिया, वरिष्ठ सलाहकार ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, महाप्रबंधक एन. वर्धराजन तथा निदेशक रघुवर दत्त के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में स्नातकोत्तर रेजिडेंट्स, फैकल्टी सदस्यों, इंटर्न्स और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। उपस्थित लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाए। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू व निकोटीन की लत से दूर रहने के संदेश के साथ हुआ।