Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

24 घंटे से अधिक बिजली गुल रहने पर सड़क पर उतरे लोग, ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। शहर के कई इलाकों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी और बढ़ती उमस के बीच बिजली न मिलने से परेशान नागरिक देर रात सड़कों पर उतर आए और घास मंडी चौराहे पर एकत्र होकर ऊर्जा निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।

                                  

बुधवार रात तक घास मंडी, रेलवे रोड, पबला रोड, दिनेश नगर, नौरंगपुरी, किशनगंज, आर्य नगर, शमशाद रोड, मुंशी नगर, मोदीनगर रोड और धोबी घाट समेत कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में सप्लाई जारी रहने से आधे शहर में रोशनी और आधे शहर में अंधेरे जैसी स्थिति बनी रही।

बिजली न होने से लोगों को गर्मी के साथ-साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। लंबे समय तक कटौती के कारण इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। स्थानीय निवासी सचिन, विजय, राकेश, अक्षय और पुलकित ने बताया कि बिजली बहाली के लिए उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश अधिकारियों के फोन बंद मिले।

लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। काफी देर बाद एसडीओ अरविंद कुशवाहा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

उधर, अधिशासी अभियंता मनीष कुमार यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण दोबारा समस्या उत्पन्न हो गई। विभाग की टीमों ने रातभर मरम्मत कार्य कर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।