HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार शाम हाईटेंशन लाइन में तकनीकी खराबी आने से दिल्ली रोड और प्रीत विहार बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित हो गई, जिसके चलते हजारों उपभोक्ताओं को रातभर बिजली संकट का सामना करना पड़ा। लगातार सामने आ रही समस्याओं के बावजूद व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार आनंद विहार स्थित 220 केवी विद्युत उपकेंद्र से दिल्ली रोड और प्रीत विहार बिजलीघरों को आपूर्ति दी जाती है। दोनों बिजलीघर फिलहाल एक ही लाइन पर निर्भर हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कई फीडरों की बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई। इससे दोनों बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में अंधेरा छा गया।
बिजली विभाग की टीमों ने मरम्मत कार्य शुरू किया और देर रात करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन कुछ समय बाद तेज आंधी शुरू होने पर सुरक्षा कारणों से सप्लाई फिर रोकनी पड़ी। इसके चलते उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी।
तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण बुलंदशहर रोड क्षेत्र सहित कई मोहल्लों की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। अनेक इलाकों में बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा, जिससे लोगों को गर्मी और उमस के बीच भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले आई तेज आंधी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 70 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। मुकीमपुर, रामपुर रोड और लालपुर बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में भी आपूर्ति प्रभावित रही। मरम्मत कार्य में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी और कई स्थानों पर बुधवार देर रात तक बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियां इन दावों की पोल खोल रही हैं। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से राहत मिल सके।
.jpg)

.jpeg)


.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin