HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
जिले में करीब डेढ़ वर्ष के अंतराल के बाद एक बार फिर पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने 28 जून को विशेष बूथ सत्र आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान के तहत जिले के लगभग 2.82 लाख बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी, जो शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों तक पहुंचकर उन्हें खुराक देंगी।
जिला पहले ही पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन बीमारी की पुनरावृत्ति रोकने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर यह अभियान चलाया जाता है। इससे पहले दिसंबर 2024 में जिले में पोलियो अभियान आयोजित किया गया था।
इस बार स्वास्थ्य विभाग ने पिछले अभियान की तुलना में लक्ष्य में करीब दस प्रतिशत की वृद्धि की है। पिछली बार करीब 2.55 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई थी, जबकि इस बार 2.82 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था का निरीक्षण किया जा चुका है तथा वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और वितरण को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि पोलियो एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को प्रभावित करती है। समय पर टीकाकरण और पोलियोरोधी खुराक से इस बीमारी से बचाव संभव है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. किशोर आहूजा ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।
.jpg)

.jpeg)


.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin