HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को बृहस्पतिवार सुबह हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह गरज-चमक के साथ हुई वर्षा से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर बाद निकली तेज धूप और बढ़ी नमी ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी। उमस के कारण दिनभर लोगों का पसीना छूटता रहा और कूलर-पंखे भी राहत देने में नाकाम नजर आए।
पिछले एक सप्ताह से जिले में चिलचिलाती धूप और लू के चलते जनजीवन प्रभावित था। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर थे। गुरुवार सुबह मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू होने से वातावरण में ठंडक घुल गई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत महसूस हुई। लेकिन सुबह 10 बजे के बाद जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ी, वैसे-वैसे उमस भी बढ़ती गई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान सात डिग्री की गिरावट के साथ 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान चार डिग्री घटकर 24 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और आर्द्रता का स्तर 52 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। बढ़ी नमी के कारण घरों, दुकानों और कार्यालयों में काम करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। बारिश के कारण तापमान में कमी आई और लोगों को लू से राहत मिली, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से उमस का असर भी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
.jpg)









.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin