कारोबारी के घर डकैती का मास्टरमाइंड 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर
सुशील शर्मा
हापुड़। शहर के चर्चित गिरधारी नगर डकैती कांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। हापुड़ नगर और हापुड़ देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बदमाश श्याम उर्फ श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी नगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार बुधवार-गुरुवार की रात थाना हापुड़ नगर पुलिस बुलंदशहर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और सूचना फ्लैश की। इस पर थाना हापुड़ देहात पुलिस भी सक्रिय हो गई। ग्राम गोदी की ओर दोनों टीमों ने बदमाश की घेराबंदी कर दी।
खुद को चारों ओर से घिरता देख बदमाश ट्यूबवेल की आड़ में छिप गया और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मौके से एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मारा गया बदमाश एक जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गिरधारी नगर में कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर हुई सनसनीखेज डकैती का मुख्य आरोपित था। बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर कारोबारी, उनके परिवार के सदस्यों और चौकीदार को बंधक बना लिया था। इसके बाद हथियारों के बल पर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना से पूरे जिले में दहशत फैल गई थी और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान श्याम का नाम सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल 138 मनोज कुमार भी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी नगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार श्याम के खिलाफ जनपद मुरादाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर डकैती और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








Social Plugin