हापुड़।
धौलाना थाना क्षेत्र के ग्राम उदयरामपुर नगला में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब आठ-नौ वर्षों से चल रहे प्रेम संबंध का अंत प्रेमिका की हत्या के साथ हुआ। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार बीएनएस से संबंधित नामजद और वांछित आरोपी अमृतलाल यादव पुत्र बुझई यादव निवासी निकासीपुर, पोस्ट मार्टिनगंज, थाना दिलदारगंज, जनपद आजमगढ़ को ग्राम उदयरामपुर नगला स्थित नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब आठ-नौ वर्षों से पंजाब के लुधियाना में किराये की दुकान लेकर मोमोज बेचने का कार्य करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अनु देवी नामक युवती से हुई थी, जो पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ क्षेत्र में एक आयुर्वेदिक कंपनी में कार्यरत थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लंबे समय तक प्रेम संबंध बना रहा।
आरोपी ने बताया कि कुछ समय पूर्व वह पंजाब छोड़कर हापुड़ क्षेत्र में आ गया और शेखपुर खिचरा स्थित एक प्लास्टिक कुर्सी निर्माण कंपनी में काम करने लगा। इसी दौरान अनु देवी भी उसके संपर्क में रही। आरोपी के अनुसार प्रेमिका लगातार उस पर अपनी पत्नी और परिवार से संबंध समाप्त करने का दबाव बना रही थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने अनु देवी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धौलाना पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)

.jpeg)


.jpeg)






.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin