HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
आधुनिक तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता कभी-कभी लोगों के लिए मुसीबत का कारण भी बन जाती है। ऐसा ही एक मामला हापुड़ शहर के श्याम नगर क्षेत्र में सामने आया, जहां गूगल मैप के बताए मार्ग पर चल रहा एक परिवार नाले में जा पहुंचा। हादसे के बाद कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार दादरी निवासी एक परिवार मेरठ जनपद के किठौर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते की जानकारी के लिए चालक ने मोबाइल पर गूगल मैप का सहारा लिया। इसी दौरान वाहन श्याम नगर क्षेत्र में ऐसे मार्ग पर पहुंच गया, जहां बारिश और जलभराव के कारण सड़क और नाले की पहचान करना मुश्किल था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को लगा कि पानी भरे मार्ग से वाहन आसानी से निकल जाएगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर कार नाले में उतर गई और बीच में फंस गई। वाहन में परिवार के चार सदस्य और बच्चे सवार थे। अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए और बाहर निकलने में असमर्थ रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बचाव कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन की सहायता से वाहन को भी नाले से बाहर निकाला गया। कार चालक साहिल ने बताया कि वह गूगल मैप के निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ रहे थे। मार्ग पर पानी भरा हुआ था, जिससे सही स्थिति का अंदाजा नहीं लग सका और वाहन नाले में फंस गया।
रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार के गलत दिशा में पहुंचने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।










.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin