Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पिलखुवा के पावरलूम उद्योग को बड़ी राहत, लाइसेंस शुल्क में 70% की ऐतिहासिक कटौती


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। पावरलूम उद्योग से जुड़े हजारों उद्यमियों और श्रमिकों को नगर पालिका परिषद पिलखुवा ने बड़ी सौगात दी है। परिषद ने लाइसेंस शुल्क में भारी कटौती करते हुए वर्ष 2016 से लागू 100 रुपये प्रति हॉर्स पावर की दर को घटाकर अब 30 रुपये प्रति हॉर्स पावर कर दिया है। यह निर्णय बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ, जिसके बाद राजकीय गजट में प्रकाशन के उपरांत इसे लागू किया जाएगा।

                         


पिलखुवा का पावरलूम उद्योग लंबे समय से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार का प्रमुख आधार रहा है। लेकिन बढ़ती उत्पादन लागत, बिजली दरों और बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते उद्योग संचालक लगातार लाइसेंस शुल्क में राहत की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि अधिक शुल्क से छोटे और मध्यम उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा था।


नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विभु बंसल ने बताया कि उद्योग जगत की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया गया था। विस्तृत चर्चा के बाद सभी सदस्यों ने एकमत से शुल्क घटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उद्योगों को सीधी राहत मिलेगी और उत्पादन लागत में भी कमी आएगी।


पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पावरलूम उद्योग केवल व्यापार नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका का मजबूत आधार है। ऐसे में स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।


इस निर्णय का पावरलूम उद्योग से जुड़े उद्यमियों और व्यापारिक संगठनों ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने जैसा बताते हुए नगर पालिका परिषद और अध्यक्ष का आभार जताया।