Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गंदगी के बीच खुले में मिले मसाले, खाद्य विभाग ने जारी किया नोटिस


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड स्थित सबली गेट के पास एक मसाला निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मसालों के भंडारण और साफ-सफाई व्यवस्था में कई खामियां मिलने पर विभाग ने संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया। साथ ही विभिन्न मसालों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

                                       

विभागीय अधिकारियों को मिली शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान निरीक्षण टीम ने पाया कि मसाले पीसने के बाद उन्हें खुले स्थान पर रखा गया था। इसके अलावा भंडारण व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। निरीक्षण के समय कई मसाले जमीन के संपर्क में पाए गए, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान लाल मिर्च, धनिया और अन्य मसाला उत्पादों के कुल सात नमूने एकत्र किए गए हैं। इनमें पैक्ड और खुले दोनों प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानीय व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। हालांकि विभागीय टीम ने नियमानुसार जांच प्रक्रिया पूरी की।

अधिकारियों के अनुसार हाल ही में कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि मसाला इकाई से उड़ने वाला पाउडर मुख्य मार्ग तक पहुंच रहा था, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही थी। इसी शिकायत के आधार पर विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

उधर, शाम के समय धौलाना स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र की एक अन्य खाद्य इकाई में भी निरीक्षण किया गया। वहां से मसाला उत्पादों के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।