Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी डेथ सर्टिफिकेट मामले में 14 लोगों पर मुकदमा, न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने की एफआईआर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

चमोली (उत्तराखंड) की रहने वाली चंद्रकला वर्मा की शिकायत पर अदालत के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका के छह कर्मचारियों समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चंद्रकला का आरोप है कि उनके पति के नाम पर सरकारी लाभ लेने के उद्देश्य से एक समूह ने पालिका कर्मचारियों की मदद से गलत मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवा लिया।

चंद्रकला वर्मा के मुताबिक उनके पति की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी, लेकिन 19 जुलाई 2024 को मीना वर्मा, शुचि वर्मा और यश वर्मा ने कुछ अन्य लोगों और नगरपालिका कर्मियों की सांठगांठ से नया मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। इस प्रक्रिया में नगरपालिका के तत्कालीन रजिस्ट्रार मनोज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक आवेश कुमार, पूर्व सफाई निरीक्षक राजकुमार, सफाई नायक राजीव, राजस्व निरीक्षक अमरपाल सिंह और लेखपाल गंगाप्रसाद पटेल की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई गई है।

शिकायत में यह भी आरोप है कि इसके बाद 11 सितंबर 2024 को एसडीएम कार्यालय से भी कागजात तैयार कराए गए और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों ने सिविल जज (सीडी) के न्यायालय में चंद्रकला के विरुद्ध वाद दायर किया। चंद्रकला का कहना है कि 2025 में कई बार पुलिस व वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि अदालत के आदेश पर 14 नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।