Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गोद भराई के बाद रिश्ता टूटने का आरोप, दहेज की मांग बनी विवाद


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गोद भराई की रस्म संपन्न होने के बाद रिश्ता टूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि वर पक्ष ने दहेज में 11 लाख रुपये नकद और कार की मांग पूरी न होने पर शादी से इंकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी का रिश्ता मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र के एक युवक के साथ तय किया था। 31 मार्च को नगर के हाईवे किनारे स्थित होटल में गोद भराई और अंगूठी की रस्म संपन्न हुई। दोनों परिवारों ने अगले साल फरवरी में विवाह की तारीख तय की थी और शादी के लिए सभी तैयारियां भी की गईं।

पीड़ित का आरोप है कि रस्म के बाद वर पक्ष ने दहेज में बड़ी रकम और वाहन की मांग की। जब यह मांग पूरी नहीं की जा सकी, तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया।

एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।