Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मौसम बदलाव का असर: जन आरोग्य मेले में 900 से अधिक मरीज पहुंचे


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

रविवार को जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचे। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर साफ देखने को मिला। अलग-अलग स्थानों पर लगे मेलों में करीब 900 मरीजों ने जांच और इलाज कराया।

स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार सबसे अधिक मरीज बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम की शिकायत लेकर आए। एक चिकित्सक ने बताया कि दिन के समय गर्मी और रात में ठंड बढ़ने से लोग बीमार हो रहे हैं। सावधानी न बरतने के कारण मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और ठंडी हवा से बचाव की सलाह दी गई है।

आंकड़ों के मुताबिक मेले में लगभग 130 मरीज बुखार से पीड़ित मिले, जबकि खांसी और बलगम की समस्या वाले करीब 144 मरीज पहुंचे। वहीं कान और गले से जुड़ी दिक्कतों के लगभग 113 मामले सामने आए। इसके अलावा कई गर्भवती महिलाओं ने भी स्वास्थ्य जांच कराई। कुछ मरीजों की जांच रैपिड किट की मदद से की गई।


मोहल्ला मजीदपुरा में लगे मेले में बच्चों को दिखाने पहुंचे स्थानीय निवासी दानिश कुरैशी और असलम ने बताया कि बच्चों को नियमित दवा दी जा रही है, फिर भी खांसी-जुकाम की परेशानी बनी हुई है, जिसके चलते वे मेले में आए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि जन आरोग्य मेले में आने वाले अधिकांश मरीज मौसमी बीमारियों से ग्रस्त थे। सभी को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं और समय पर उपचार किया गया है।