Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

तालिबानी सजा - युवक को दबंगों ने लाठी डंडों से मार मार कर लिया घायल, वीडियो वायरल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। वीडियो में कुछ दबंग युवक एक युवक को खेत में लिटाकर बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट का तरीका इतना क्रूर है कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएं। यह मामला हापुड़ के आदर्श नगर कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां मोबाइल चोरी के शक में युवक को इस अमानवीय सजा का शिकार बनाया गया।

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक आदर्श नगर कॉलोनी का ही रहने वाला है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने उसे घर से बुलाया और फिर उसे खेत में ले जाकर बंधक की तरह पीटना शुरू कर दिया। युवक को जमीन पर लिटाकर लाठी-डंडों से लगातार प्रहार किए गए और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। वीडियो में आरोपी युवक के साथ की जा रही क्रूरता पर खुलकर बातें करते सुने जा सकते हैं।

इतना ही नहीं, जब दबंगों का मन मारपीट से नहीं भरा तो वीडियो में यह कहते हुए भी सुना गया कि “ये ऐसे नहीं मानेगा, इसे करंट देना पड़ेगा, चलो करंट देते हैं।” इसके बाद हैवानियत की सारी हदें उस वक्त पार हो गईं जब युवक की पैंट नीचे कर उसे जबरन ‘मुर्गा’ बनाया गया और उसके ऊपर भारी-भारी पत्थर रख दिए गए। इसी हालत में उसे डंडों से पीटा जाता रहा।

बताया जा रहा है कि युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर उसे यह सजा दी गई। मारपीट के बाद युवक की हालत गंभीर हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में करने की बातकी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।