HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
चाइनीज मांझे से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में थाना हापुड़ देहात पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनमानस को चाइनीज मांझे के खतरों से अवगत कराया गया और दुकानदारों को इसकी बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बताया कि किस प्रकार चाइनीज मांझा राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए घातक साबित हो रहा है। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यह मांझा न केवल कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि कई लोगों की जान भी ले चुका है। पुलिसकर्मियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी इस तरह के खतरनाक मांझे का प्रयोग न करें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के दुकानदारों से संपर्क कर स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज मांझे की बिक्री किसी भी स्थिति में न की जाए। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चाइनीज मांझा कई बार सड़क पर चल रहे लोगों के गले और हाथों में फंसकर गंभीर चोट मौत का कारण बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार जागरूकता के साथ-साथ सख्त निगरानी भी कर रही है।
पुलिस के इस प्रयास को स्थानीय लोगों ने सराहा और कहा कि इस तरह के अभियान से समाज में जागरूकता बढ़ती है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या इस्तेमाल की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
.jpg)


.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin