Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

वैलेंटाइन डे को लेकर बाजारों में रौनक, रेस्तरां में खास इंतज़ाम


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्रेम और उत्साह के प्रतीक वैलेंटाइन डे को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के प्रमुख बाजारों और रेस्तरां में इस दिन को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जहां गिफ्ट आइटम, रंग-बिरंगे फूल, चॉकलेट और ग्रीटिंग कार्ड की भरपूर रेंज उपलब्ध है।

वैलेंटाइन वीक के अंतिम दिन को खास बनाने के लिए शुक्रवार को रेलवे रोड, कोठी गेट, गोल मार्केट समेत कई बाजारों में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। युवा वर्ग में खास उत्साह देखने को मिला, जो अपने प्रियजनों के लिए उपहार चुनते नजर आए।

रेलवे रोड पर स्थित एक गिफ्ट शॉप संचालक ने बताया कि इस मौके पर टेडी बियर, चॉकलेट बॉक्स, स्टाइलिश वॉलेट, ब्रेसलेट और म्यूजिकल गिफ्ट्स की मांग बढ़ी हुई है। खास तौर पर शंख में छिपे मोती वाला ‘लव पर्ल’ इस बार ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहा है।

वहीं, शहर के कई रेस्तरां को रंगीन गुब्बारों और लाइट्स से सजाया गया है। कपल्स के लिए स्पेशल बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ आकर्षक छूट भी दी जा रही है। संचालकों का कहना है कि इस दिन को खास बनाने के लिए माहौल को रोमांटिक और यादगार बनाने की पूरी कोशिश की गई है।