Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ के पीरनगर के पास टायर जलाकर तेल बनाने वाली फैक्ट्री पर बवाल: प्रदूषण से बीमारियों का खतरा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र के पीरनगर गांव के निकट संचालित टायर जलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। फैक्ट्री से निकलने वाले घने धुएं और दुर्गंध से स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र प्रशासन को सौंपा और इकाई को तत्काल बंद कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से उठने वाला धुआं आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों तक फैलता है, जिससे सांस संबंधी दिक्कतों और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि इकाई बिना जरूरी स्वीकृतियों के संचालित की जा रही है और पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। ग्राम प्रधान संदीप उर्फ पिंटू गुर्जर के अनुसार फैक्ट्री गांव के खसरा नंबर 66 की लगभग 2.740 हेक्टेयर भूमि पर चल रही है, जहां पुराने टायरों को जलाकर उनसे तेल निकाला जाता है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संचालकों ने प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं किया और आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं भी पूरी नहीं कीं। लोगों का कहना है कि अवैध रूप से चल रही यह गतिविधि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। फैक्ट्री के पास स्थित दो प्रमुख मंदिरों में प्रतिदिन श्रद्धालु आते हैं, जिससे धार्मिक आस्था और वातावरण दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। संबंधित एसडीएम और प्रदूषण विभाग को अवगत करा दिया गया है तथा तथ्यों की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। दस्तावेजों की पड़ताल और स्थल निरीक्षण के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।