Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

स्याना रोड फाटक पर लापरवाही, सतर्क चालक ने टाली रेल दुर्घटना


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। सोमवार सुबह स्याना रोड रेलवे क्रॉसिंग पर एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। दिल्ली दिशा से आ रही पुरबिया एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रैक पर बाइक देख तुरंत आपात ब्रेक लगाए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और अनहोनी टल गई।

बूम क्षतिग्रस्त होने से चल रहा था मरम्मत कार्य

जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 8:30 बजे एक ई-रिक्शा ने फाटक के बूम को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद चालक वहां से चला गया। इसके चलते फाटक बंद कर मरम्मत की जा रही थी।

चेतावनी के बावजूद ट्रैक पार करने की कोशिश

करीब नौ बजे, जब ट्रेन गढ़मुक्तेश्वर की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान एक युवक बंद फाटक के नीचे से बाइक निकालकर पटरी पार करने लगा। मौजूद लोगों ने उसे रोका, लेकिन उसने जल्दबाजी में जोखिम उठाया।

ट्रैक पर हलचल देखते ही ट्रेन चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। अचानक रुकने से यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट फैल गई, हालांकि किसी को चोट नहीं आई।

कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंची और युवक को बाइक समेत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। साथ ही, बूम को नुकसान पहुंचाने वाले अज्ञात ई-रिक्शा चालक के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि लोको पायलट की सतर्कता से एक गंभीर हादसा टल गया, लेकिन ऐसे मामलों में नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है।