Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

परीक्षा केंद्र से उत्तर पुस्तिका घर ले गए दो छात्र, मचा हड़कंप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल हिंदी परीक्षा के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सुबह की पाली में आयोजित परीक्षा में कक्षा 10 के दो छात्र परीक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाएं लेकर बाहर निकल गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी मच गई। बाद में परिजनों से संपर्क कर दोनों कॉपियां सुरक्षित वापस मंगवाई गईं।

पहला मामला पिलखुवा के चंडी विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का है। यहां ददायरा गांव निवासी एक छात्र, जो मेरठ रोड स्थित श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में पढ़ता है, परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका लेकर केंद्र से बाहर चला गया। केंद्र प्रशासन को जैसे ही इसका पता चला, तुरंत छात्र के घरवालों को सूचना दी गई। छात्र के पिता विद्यालय पहुंचे और तलाश के बाद छात्र को पकड़कर कॉपी वापस जमा कराई गई।

बताया जा रहा है कि प्रश्न पत्र देखने के बाद छात्र मानसिक दबाव में आ गया था, जिसके कारण उसने ऐसा कदम उठाया। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी घटना वझीलपुर के एक इंटर कॉलेज की है। यहां श्यामपुर जट्ट निवासी छात्र भी परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका अपने साथ घर ले गया। केंद्र व्यवस्थापक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉपी वापस मंगवाई।

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। परीक्षा केंद्र की व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया ने बताया कि दोनों छात्र गलती से उत्तर पुस्तिकाएं ले गए थे क्योंकि दसवीं के प्रश्न पत्र और कॉपियां सफेद रंग की होती हैं। छात्रों की ओएमआर शीट परीक्षा केंद्र पर ही जमा हो चुकी थीं। दोनों उत्तर पुस्तिकाएं बरामद कर ली गई हैं और रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।