Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हल्की बारिश में ठप हुई शहर की बिजली, हजारों उपभोक्ता घंटों रहे परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर की बिजली व्यवस्था पर भारी खर्च किए जाने के बावजूद हालात में खास सुधार नहीं दिख रहा है। हल्की बारिश होते ही बिजली आपूर्ति प्रभावित हो जाती है और लोगों को लंबे समय तक कटौती झेलनी पड़ती है। सोमवार को भी सुबह के समय आधे शहर की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे करीब 20 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए।

दिल्ली रोड और अतरपुरा बिजलीघर से जुड़े फीडरों में केबिल बॉक्स में खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई बारिश के बाद कई जगह फॉल्ट हो गया, जिसके चलते दोपहर करीब एक बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। इससे लोगों को करीब सात घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार शहर की मुख्य लाइनों पर कई स्थानों पर केबिल बॉक्स जर्जर हो चुके हैं, जहां बार-बार फॉल्ट की समस्या सामने आती रहती है। पिछले कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और बढ़ते लोड के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरडीएसएस और अन्य योजनाओं के तहत करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार अभी भी अधूरा है।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि बारिश के कारण केबिल बॉक्स में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। विभाग की ओर से केबिल बॉक्स की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।