हापुड़।
जिले में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और तेज पछुआ हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सरसों, आलू और गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान परेशान हैं। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अधिकांश किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया, जिसके कारण नुकसान की भरपाई मुश्किल दिखाई दे रही है और अब किसान सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
रबी सीजन में जिले के करीब 1.10 लाख किसानों में से बहुत कम किसानों ने ही बीमा योजना का लाभ लिया। गेहूं की फसल का बीमा करीब 1375 किसानों ने कराया, जबकि आलू का बीमा केवल पांच किसानों ने कराया। सरसों की फसल का बीमा लगभग नहीं के बराबर है, जिससे नुकसान झेल रहे किसानों को मुआवजे की उम्मीद प्रशासन से है।
लगातार हो रही बारिश के कारण आलू की खुदाई का काम प्रभावित हुआ है। जिन खेतों में अभी खुदाई नहीं हो सकी है, वहां आलू खराब होने की आशंका बढ़ गई है। सरसों की पकी और कटी हुई फसल भी बारिश के कारण खराब हो रही है, जिससे दाने की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। वहीं तेज हवाओं और खेतों में नमी के कारण गेहूं की फसल गिर गई है, जिससे उत्पादन में कमी आने की संभावना है।
कृषि विभाग के अनुसार जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देनी होगी, ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके। विभाग की टीम जिले में फसल क्षति का सर्वे कर रही है और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin