Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

तमंचे से गोली चलाने की कोशिश का आरोप, पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

महिला उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है, जिसमें बुलंदशहर जिले के नगला गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके साथ लगातार मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर करने की कोशिश की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने पति सहित पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता पूजा ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में उसकी शादी कुचेसर रोड चौपला निवासी संजीव कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही पति शराब पीकर झगड़ा करता और मारपीट करता था। जब उसने इसकी शिकायत परिवार के अन्य सदस्यों से की तो ससुर, सास और देवर भी उसका साथ देने के बजाय उसे प्रताड़ित करने लगे।

महिला का आरोप है कि कुछ समय पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे और उसके तीन बच्चों को घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह किराये के मकान में रहने लगी। इसके बावजूद पति वहां आकर झगड़ा करता और गाली-गलौज करते हुए मायके वालों को धमकी देता था।

पीड़िता के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 10 बजे उसका पति कमरे में आया और तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हो पाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।