हापुड़।
जनपद हापुड़ में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। नमाज़ को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतज़ाम किए थे। शहर से लेकर देहात तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे।
प्रशासन द्वारा पूर्व में धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर सड़कों पर नमाज़ न पढ़ने की अपील की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। कहीं भी सड़कों पर नमाज़ अदा नहीं की गई और सभी नमाज़ियों ने निर्धारित स्थानों मस्जिदों और ईदगाहों पर ही नमाज़ अदा की।
शहर के मुख्य ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाज़ी सुबह से ही जुटने लगे। नमाज़ के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम इला प्रकाश, सीओ वरुण मिश्रा, यातायात क्षेत्राधिकारी राहुल यादव, सीओ जितेंद्र शर्मा तथा कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। वहीं जनपद के धौलाना, पिलखुवा, कपूरपुर, गढ़मुक्तेश्वर, हाफिजपुर और बहादुरगढ़ क्षेत्रों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।
बसपा नेता विपिन दीवान ने फूल बरसाकर किया स्वागत
ईदगाह पर बसपा के विधानसभा भावी प्रत्याशी विपिन दीवान ने नमाज़ियों का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया और सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
उन्होंने कहा “ईद का पर्व हमें आपसी भाईचारे, प्रेम और त्याग का संदेश देता है। आज देश और समाज को सबसे ज्यादा जरूरत इसी एकता और सौहार्द की है। मैं सभी मुस्लिम भाइयों से अपील करता हूँ कि हम सब मिलकर अपने शहर और देश को शांति, विकास और सद्भाव का उदाहरण बनाएं। जिस तरह आज प्रशासन और जनता के सहयोग से ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है, वह हमारे जिले की गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक है। हम सभी को मिलकर नफरत की राजनीति से ऊपर उठकर भाईचारे की राह पर चलना होगा। मेरी ओर से सभी को दिल से ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं अल्लाह सभी पर अपनी रहमत बनाए रखे।”
सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने भी दी बधाई
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ ईदगाह पहुंचे और नमाज़ियों पर फूल बरसाकर ईद की मुबारकबाद दी।
उन्होंने कहा “ईद खुशियों, इंसानियत और बराबरी का त्योहार है। यह पर्व हमें सिखाता है कि समाज में प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव सबसे बड़ी ताकत है। आज हजारों लोग एक साथ नमाज़ अदा कर देश और समाज की खुशहाली की दुआ कर रहे हैं—यह हमारे लोकतंत्र और सांप्रदायिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर है। समाजवादी पार्टी हमेशा सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। मैं सभी रोजेदार भाइयों को मुबारकबाद देता हूँ और दुआ करता हूँ कि यह त्योहार सबके जीवन में अमन, तरक्की और खुशियां लेकर आए।”
शांतिपूर्ण आयोजन बना मिसाल
कुल मिलाकर जनपद में ईद का त्योहार पूरी शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। प्रशासन, पुलिस, धर्मगुरुओं और जनता के आपसी सहयोग से कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और जिले ने एक बार फिर भाईचारे की मिसाल पेश की।







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin