Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़/पिलखुवा। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा रोड पर सोमवार रात एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार हिडालपुर निवासी हरवीर पुत्र गजेपाल सिंह रात करीब 10 बजे बाइक से खेड़ा रोड स्थित सालासर कंपनी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने खेड़ा रोड पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और पुलिस की निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।